आईएमएफ के अनुसार 2029 में भारतीय अर्थव्यवस्था 5,000 अरब डॉलर को पार कर जाएगी: वित्त मंत्री
आईएमएफ के अनुसार 2029 में भारतीय अर्थव्यवस्था 5,000 अरब डॉलर को पार कर जाएगी: वित्त मंत्री
नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के अनुसार, भारतीय अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2029 में 5,000 अरब अमेरिकी डॉलर के स्तर को पार कर जाएगी और सरकार ने इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए व्यापक विकास रणनीति अपनाई है।
उन्होंने उच्च सदन में एक सवाल के लिखित जवाब में कहा, ‘‘आईएमएफ द्वारा प्रकाशित वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक डेटाबेस (अप्रैल 2026) के अनुसार, मौजूदा कीमतों पर भारत की जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) 2028-29 तक लगभग 5.1 ट्रिलियन (5,100 अरब) अमेरिकी डॉलर होने का अनुमान है।’’
वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा, ‘‘सरकार ने कृषि उत्पादकता बढ़ाने, विनिर्माण को बढ़ावा, एमएसएमई को समर्थन, अवसंरचना का विस्तार, लॉजिस्टिक्स और व्यापार करने में सुगमता में सुधार, आयकर और जीएसटी (माल एवं सेवा कर) सुधारों के माध्यम से एक कारगर और सुव्यवस्थित कर प्रणाली बनाने, नवाचार और डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने, मानव पूंजी को मजबूत करने और ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक व्यापक विकास रणनीति अपनाई है।’’
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पूंजीगत व्यय पर निरंतर जोर, एफडीआई (विदेशी प्रत्यक्ष निवेश) व्यवस्था को उदार बना कर, निर्यात को बढ़ावा और विवेकपूर्ण राजकोषीय प्रबंधन और मूल्य स्थिरता के माध्यम से व्यापक आर्थिक बुनियादी बातों को मजबूत करके इस रणनीति को कारगर बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, सरकार मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) और व्यापक आर्थिक भागीदारी/सहयोग समझौतों का विस्तार कर व्यापार को सुदृढ़ कर रही है।
भाषा अविनाश सुभाष
सुभाष

Facebook


