ईरान में फंसे भारतीय मछुआरे आर्मेनिया के रास्ते स्वदेश लौट रहे: सरकार
ईरान में फंसे भारतीय मछुआरे आर्मेनिया के रास्ते स्वदेश लौट रहे: सरकार
नयी दिल्ली, चार अप्रैल (भाषा) ईरान में फंसे भारतीय मछुआरों का एक समूह आर्मेनिया के रास्ते स्वदेश लौट रहा है। सरकार ने शनिवार को यह जानकारी दी।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारतीय नागरिकों की वापसी में सहायता के लिए आर्मेनिया के अपने समकक्ष अरारत मिर्जोयान का आभार जताया।
समूह में भारतीय नागरिकों की सही संख्या और ईरान में किन परिस्थितियों के कारण वह फंसे, इसकी तत्काल जानकारी नहीं है।
विदेशमंत्री जयशंकर ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘भारतीय मछुआरों को ईरान से आर्मेनिया के रास्ते भारत लाने की सुविधा प्रदान करने के लिए विदेश मंत्री अरारत मिर्जोयान और आर्मेनिया सरकार को धन्यवाद।’’
पश्चिम एशिया में एक महीने पहले शुरू हुए संघर्ष के बाद से अब तक 1,150 से अधिक भारतीय नागरिकों आर्मेनिया और अजरबैजान के जमीनी रास्ते से ईरान छोड़ा है।
सरकार ने एक बयान में कहा, ‘‘ईरान में फंसे भारतीय मछुआरों का एक समूह आज आर्मेनिया के रास्ते स्वदेश लौट रहा है; उनकी उड़ान के आज शाम भारत पहुंचने की उम्मीद है।’’
बयान में कहा गया है कि विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात पर लगातार नजर रख रहा है और भारतीय समुदाय की सुरक्षा, संरक्षा तथा कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
बयान में अबू धाबी में शुक्रवार को पांच भारतीयों के घायल होने का भी जिक्र किया गया।
अबू धाबी के अधिकारियों के मुताबिक एक मिसाइल के मलबे से घायल हुए 12 लोगों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
भारत सरकार के बयान में कहा, ‘‘अबू धाबी में हुए हमले में पांच भारतीय नागरिक घायल हो गए जिनमें से चार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। एक का इलाज किया जा रहा है।’’
भाषा यासिर धीरज
धीरज

Facebook


