बंगाल में अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 34 करोड़ रु का सोना जब्त; सात गिरफ्तार
बंगाल में अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 34 करोड़ रु का सोना जब्त; सात गिरफ्तार
नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर संचालित सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 34 करोड़ रुपये मूल्य का 24 किलोग्राम सोना जब्त किया है। वित्त मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने बताया कि पिछले महीने अलग-अलग अभियानों में डीआरआई अधिकारियों ने दिल्ली में एक अवैध सोना गलाने की इकाई का भंडाफोड़ किया। साथ ही देशभर में संचालित सोना तस्करी गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नौ किलोग्राम तस्करी का सोना, 42 किलोग्राम चांदी और 8.5 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा जब्त की।
वित्त मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल में डीआरआई की कार्रवाई पर जारी बयान में कहा कि खुफिया जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में कृष्णानगर से चाकदह की ओर अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर जा रहे सात लोगों को पकड़ा।
पकड़े गए लोगों की तलाशी के दौरान 180 विदेशी पहचान (मार्क) वाले और घिसे हुए सोने के बिस्कुट (बार) बरामद किए गए। इन्हें जांच से बचने के लिए कमर पर पहनी गई विशेष रूप से तैयार कपड़े की बेल्टों में चतुराई से छिपाया गया था।
बरामद किए गए विदेशी मूल के सोने का कुल वजन करीब 24 किलोग्राम था, जिसकी कीमत लगभग 34 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस पूरे तस्करी अभियान में शामिल सभी सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मंत्रालय ने कहा, “प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तस्कर भारत-बांग्लादेश सीमा के पास के इलाकों से यह सोना लेकर आए थे और इसे दूसरे तस्करों तक पहुंचाने के लिए ले जाया जा रहा था।”
वित्त मंत्रालय ने एक अन्य बयान में कहा कि डीआरआई ने देशभर में चलाए गए अभियान के तहत दिल्ली स्थित एक सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह पूर्वोत्तर राज्यों से अलग-अलग ट्रेनों में कई वाहकों के जरिये विदेशी मूल का सोना दिल्ली लाने में शामिल था।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


