अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

Ads

अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 09:55 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 09:55 PM IST

नयी दिल्ली, 21 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक कथित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बरेली के एक तस्कर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 195.56 ग्राम हेरोइन जब्त की गई है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 25 लाख रुपये है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी सर्वेश (22), दिल्ली के मुकंदपुर निवासी साहिल (24) और उत्तर प्रदेश के बरेली जिले निवासी अबरार (40) के रूप में की है।

पुलिस ने नशीले पदार्थों को लाने-ले जाने में इस्तेमाल किए जाने वाला एक स्कूटर भी जब्त किया है।

अधिकारियों ने बताया कि 14 मई की रात को पुलिस को सूचना मिली कि हेरोइन की तस्करी में शामिल सर्वेश गाजीपुर डंपिंग यार्ड के पास एक खेप पहुंचाने के लिए आएगा।

पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गाजीपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 73.11 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है।

इसके बाद गाजीपुर थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने बताया कि सर्वेश ने कथित तौर पर उन्हें बताया कि उसने बरेली स्थित तस्कर अबरार से हेरोइन खरीदी थी।

अधिकारियों ने बताया कि जानकारी के आधार पर पुलिस ने 15 मई को जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास एक और जाल बिछाया और साहिल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 92.45 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में तकनीकी निगरानी और कई छापों के बाद, पुलिस ने उत्तर प्रदेश में बदायूं-बरेली सड़क पर भामोरा के पास अबरार को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों ने बताया कि उसके पास से कथित तौर पर 30 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।

भाषा नोमान

नोमान नरेश

नरेश