तिरुवनंतपुरम, 10 मई (भाषा) भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) की केरल इकाई ने ईंधन और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार के कार्यालयों के सामने राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। संगठन ने आरोप लगाया कि कीमतों में वृद्धि से आम लोगों और कारोबार पर गंभीर असर पड़ रहा है।
कांग्रेस के मजदूर संगठन ‘इंटक’ ने एक बयान में कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी हुई है, जबकि वाणिज्यिक रसोई गैस की कीमतों में भी काफी इजाफा हुआ है, जिससे राज्य में होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान आर्थिक दबाव में हैं।
इंटक के प्रदेश अध्यक्ष आर चंद्रशेखरन ने अपने बयान में आरोप लगाया कि बढ़ती लागत के कारण कई व्यवसाय बंद होने की कगार पर हैं और श्रमिकों की नौकरियां छिन रही है।
चंद्रशेखरन ने यह भी दावा किया कि रोजगार के अवसर खोने के बाद प्रवासी मजदूर राज्य छोड़कर जा रहे हैं।
चंद्रशेखरन ने आरोप लगाया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि के साथ-साथ आवश्यक वस्तुओं और दवाओं की बढ़ती लागत ने जनता पर बोझ और बढ़ा दिया है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर प्रभावी हस्तक्षेप करने में विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि इंटक की जिला समितियों के नेतृत्व में सभी 14 जिलों में विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
बयान के अनुसार, ये प्रदर्शन 11 मई को केंद्र सरकार के कार्यालयों के सामने आयोजित किए जांएगे।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप