अवैध खनन का साक्ष्य देने पर ही जांच की जाएगी :कर्नाटक के मंत्री

Ads

अवैध खनन का साक्ष्य देने पर ही जांच की जाएगी :कर्नाटक के मंत्री

  •  
  • Publish Date - July 10, 2021 / 02:08 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:22 PM IST

कलबुर्गी (कर्नाटक), 10 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मांड्या जिले में अवैध खनन होने के सांसद सुमलता अंबरीश के आरोपों को खारिज करते हुए राज्य के खान एवं भूगर्भ मंत्री मुरूगेश निरानी ने शनिवार को कहा कि यदि वह इस बारे में दस्तावेजी साक्ष्य पेश करती हैं तो सरकार जांच का आदेश देगी।

मंत्री ने कहा, ‘‘मुझे प्राप्त सूचना के मुताबिक मांड्या जिले में केआरएस बांध या बेबी बेट्टा इलाके के आसपास कोई अवैध खनन नहीं हो रहा है। अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद मैंने मौके का व्यक्तिगत तौर पर दौरा किया है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके अलावा, मैंने अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन पाने पर पत्थर का खनन रोकने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया है। पत्थर के खनन पर प्रतिबंध है। ’’

अभिनेत्री रह चुकीं निर्दलीय सांसद अंबरीश ने इस मुद्दे को लेकर जनता दल (सेक्युलर) के विधायकों पर आरोप लगाया था, जिस पर पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के साथ उनकी कुछ दिन पहले जुबानी जंग हुई थी।

अंबरीश के आरोपों को खारिज करते हुए निरानी ने कहा कि सरकार जांच का आदेश देने को तैयार है।

उन्होंने कहा, ‘‘सुमलता अंबरीश को अवैध खनन से जुड़े दस्तावेजों को पेश करने दीजिए। हम गहन और निष्पक्ष जांच का आदेश देंगे और कानून के मुताबिक कार्रवाई करेंगे।’’

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश