IPS Officers New Posting Order || Image- IBC24 News File
कोलकाता। IPS Transfer News पश्चिम बंगाल सरकार ने मंगलवार को पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 33 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों का तबादला कर दिया। इस व्यापक प्रशासनिक बदलाव में राज्य के खुफिया विभाग (इंटेलिजेंस) के प्रमुख सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
IPS Transfer News राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ से जारी अधिसूचना के अनुसार, अब तक अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) सीआईडी एवं राज्य के खुफिया प्रमुख रहे सुप्रतीम सरकार को एडीजी, दूरसंचार (टेलीकम्युनिकेशन) नियुक्त किया गया है। उनकी जगह अब तक महानिदेशक (डीजी), सुधार सेवाएं रहे नटराजन रमेश बाबू को राज्य का नया खुफिया प्रमुख बनाया गया है। फेरबदल के तहत एडीजी, उत्तर बंगाल क्षेत्र के. जयरामन को आर्थिक अपराध निदेशालय (ईओडब्ल्यू) का निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें अब राज्य में कथित वित्तीय अनियमितताओं और आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में विशाल गर्ग को एडीजी, पश्चिमी जोन से स्थानांतरित कर एडीजी, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) बनाया गया है। वहीं, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के महानिरीक्षक प्रवीण कुमार त्रिपाठी को होमगार्ड विभाग में आईजी के पद पर भेजा गया है। सरकार ने त्रिपुरारी अथर्व को बिधाननगर पुलिस आयुक्त के पद से हटाकर एडीजी, ट्रैफिक एवं सड़क सुरक्षा नियुक्त किया है। उनकी जगह राठौड़ अमितकुमार भरत को बिधाननगर का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। बारुईपुर पुलिस जिले में भी बदलाव करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोनल) पिनाकी दत्ता को हटाकर अतीश बिस्वास को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि मार्च 2026 में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद निर्वाचन आयोग ने सुप्रतीम सरकार को कोलकाता पुलिस आयुक्त के पद से हटा दिया था। इसके बाद उन्हें एडीजी, सीआईडी की जिम्मेदारी दी गई थी। बाद में उन्हें दूसरे राज्य में पुलिस पर्यवेक्षक के रूप में भी नियुक्त किया गया था। हालिया फेरबदल ऐसे समय में किया गया है जब बारुईपुर में एक नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों के देर से मौके पर पहुंचने को लेकर सरकार ने नाराजगी जताई थी। इसके बाद राज्य पुलिस प्रशासन में यह बड़ा बदलाव किया गया है।
इन्हें भी पढ़ें:-