ईरान के उपविदेश मंत्री ने मिसरी को फोन करके पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की
ईरान के उपविदेश मंत्री ने मिसरी को फोन करके पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की
नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) ईरान के उपविदेश मंत्री माजिद तख्त रावनची ने सोमवार को विदेश सचिव विक्रम मिसरी को फोन किया और माना जा रहा है कि उन्होंने उन्हें पश्चिम एशिया में जारी संकट को समाप्त करने के लिए तेहरान और वाशिंगटन के बीच जारी बातचीत से अवगत कराया।
यह फोन वार्ता ऐसे समय हुई जब संकेत मिल रहे हैं कि अमेरिका और ईरान एक व्यापक शांति समझौते पर पहुंचने से पहले होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए एक प्रारंभिक समझौते पर विचार कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘विदेश सचिव विक्रम मिसरी को ईरान के राजनीतिक मामलों के उप विदेश मंत्री तख्त रावनची ने फोन किया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चर्चा क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों और द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा पर केंद्रित थी।’’
इससे पहले, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने नयी दिल्ली में कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए ईरान के साथ बातचीत में अमेरिका ने महत्वपूर्ण प्रगति की है।
हालांकि, फिलहाल चार दिवसीय यात्रा पर भारत आए रूबियो ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सतर्क रुख अपना रहे हैं और किसी भी खराब समझौते को स्वीकार नहीं करेंगे।
अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में मुख्य अड़चन ईरान का परमाणु कार्यक्रम और होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण को लेकर है, जिसके रास्ते सामान्य दिनों में मौटे तौर पर दुनिया में करीब 20 फीसदी ऊर्जा आपूर्ति होती है।
भाषा संतोष जोहेब
जोहेब

Facebook


