क्या भाजपा डर गई है: गुजरात इकाई का ‘इंस्टाग्राम’ निलंबित होने पर ‘आप’ विधायक ने किया सवाल

Ads

क्या भाजपा डर गई है: गुजरात इकाई का ‘इंस्टाग्राम’ निलंबित होने पर ‘आप’ विधायक ने किया सवाल

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 11:34 AM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 11:34 AM IST

नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) गुजरात में जारी स्थानीय निकाय चुनावों के बीच आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई का ‘इंस्टाग्राम’ खाता निलंबित कर दिया गया जिसके बाद पार्टी नेताओं ने शनिवार को आरोप लगाया कि यह कदम मतदाताओं के बीच ‘आप’ के बढ़ते समर्थन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘‘डर’’ को दर्शाता है।

यह घटनाक्रम राघव चड्ढा समेत ‘आप’ के सात राज्यसभा सदस्यों के पार्टी छोड़ने के एक दिन बाद हुआ।

चड्ढा ने शुक्रवार को एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की थी कि उनके सहित सात सांसदों ने ‘आप’ छोड़ दी है और वे भाजपा में शामिल होंगे।

‘आप’ विधायक संजीव झा ने दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की गुजरात इकाई को जनता का मजबूत समर्थन मिल रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया खाता निलंबित किए जाने के समय पर सवाल उठाया।

झा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘क्या गुजरात में ‘आप’ की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा डर गई है? स्थानीय निकाय चुनावों के बीच भारी समर्थन जुटा रहे गुजरात की ‘आप’ इकाई के ‘इंस्टाग्राम’ खाते को निलंबित कर दिया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जनता की आवाज दबाने की यह गंदी राजनीति सफल नहीं होगी। बदलाव को कोई नहीं रोक सकता।’’

‘आप’ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी यह मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि खाते को बंद कराया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा में ‘आप’ का खौफ इस कदर है कि हमारी आवाज भी बंद कर देना चाहते हैं। (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी (के नेतृत्व वाली केंद्र) सरकार के आदेश पर ‘आप’ की गुजरात इकाई के इंस्टाग्राम पेज को बंद कर दिया है।’’

ढांडा ने कहा, ‘‘गुजरात में आम आदमी पार्टी के बढ़ते कदमों से भाजपा बौखलाई हुई है।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कुछ भी कर लें लेकिन वे अरविंद केजरीवाल को रोक नहीं पाएंगे।

इन आरोपों पर भाजपा ने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल