जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की प्रमुख ने संसद में महिला आरक्षण पर कहा, ‘यह सपने के सच होने जैसा होगा’

Ads

जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की प्रमुख ने संसद में महिला आरक्षण पर कहा, ‘यह सपने के सच होने जैसा होगा’

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 05:47 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 05:47 PM IST

श्रीनगर, छह अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष दरख्शां अंद्राबी ने सोमवार को यहां कहा कि महिला आरक्षण अधिनियम में संशोधन विधेयक का पारित होना देश की महिलाओं के लिए प्रेरणादायक कदम होने के साथ ही एक सपने के सच होने जैसा होगा।

भाजपा के स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह से इतर उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह हमारे लिए एक प्रेरणादायक कदम है और हम इसका स्वागत करते हैं। महिलाओं के लिए कानून बनाने में भागीदार बनना एक सपने के सच होने जैसा होगा। हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देते हैं।’’

हाल ही में केरल में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि संसद का बजट सत्र तीन दिन के लिए बढ़ा दिया गया है ताकि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला 2023 में पारित कानून 2029 से लागू हो सके।

संसद सत्र 16 अप्रैल को संक्षिप्त अवकाश के बाद पुनः आयोजित किया जाएगा ताकि लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करने वाले विधेयकों को पारित किया जा सके और महिला आरक्षण कानून को जल्द से जल्द लागू किया जा सके।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री पहले ही कह चुके हैं कि वे देश की महिलाओं को सशक्त बनाना चाहते हैं। जो 70 वर्षों में संभव नहीं हो सका, वह केवल 11 वर्षों में संभव हो गया है। अब हमारी विधानसभाओं और संसद में महिला सांसदों की संख्या में वृद्धि होगी।’’

जम्मू-कश्मीर में पार्टी की स्थिति का जिक्र करते हुए अंद्राबी ने कहा कि भाजपा पिछले कुछ वर्षों में केंद्र शासित प्रदेश में एक मजबूत ताकत के रूप में उभरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आने वाले समय में यह और अधिक लोकप्रिय और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में हुआ विकास और प्रगति किसी से छिपा नहीं है। विपक्षी दलों के पास अब भाजपा के खिलाफ कहने के लिए कुछ भी नहीं है।”

भाषा संतोष रंजन

रंजन