जयपुर और उदयपुर में जगन्नाथ यात्रा का भव्य आयोजन

जयपुर और उदयपुर में जगन्नाथ यात्रा का भव्य आयोजन

जयपुर और उदयपुर में जगन्नाथ यात्रा का भव्य आयोजन
Modified Date: July 16, 2026 / 07:37 pm IST
Published Date: July 16, 2026 7:37 pm IST

जयपुर/उदयपुर, 16 जुलाई (भाषा) राजस्थान के उदयपुर और जयपुर में बृहस्पतिवार शाम भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। दोनों शहरों में हजारों श्रद्धालु रथयात्रा के दर्शन के लिए सड़कों पर उमड़ पड़े।

उदयपुर में भगवान जगन्नाथ, माता लक्ष्मी और दानीरायजी की प्रतिमाओं को जगदीश मंदिर से रजत रथ पर विराजमान कर पूरे शहर में शोभायात्रा निकाली गई। रथयात्रा शुरू होने से पहले भगवान जगन्नाथ को 21 तोपों की सलामी दी गई। शोभायात्रा में मंदिर का ऐतिहासिक लकड़ी का रथ भी शामिल रहा।

रथयात्रा मार्ग पर हजारों श्रद्धालु धार्मिक जयघोष करते हुए और भक्ति गीतों पर नाचते हुए नजर आए। जगदीश चौक के आसपास मकानों की छतों और बालकनियों पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने रथयात्रा के दर्शन किए।

मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य विश्वराज सिंह मेवाड़ भी रथयात्रा में शामिल हुए।

वहीं, जयपुर में जगन्नाथ सेवक समिति की ओर से ओडिशा के पुरी की प्रसिद्ध रथयात्रा की तर्ज पर भव्य भगवान जगन्नाथ रथयात्रा निकाली गई।

रथयात्रा गोविंददेवजी मंदिर से शुरू होकर जलेबी चौक, हवा महल रोड, बड़ी चौपड़ और परकोटा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

पुलिस ने बताया कि रथयात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक मार्ग परिवर्तन भी लागू किया गया था।

भाषा

बाकोलिया पारुल

पारुल


लेखक के बारे में