जयपुर: नशे के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे ने मां को मौत के घाट उतारा

Ads

जयपुर: नशे के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे ने मां को मौत के घाट उतारा

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 08:15 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 08:15 PM IST

जयपुर, 28 जून (भाषा) राजस्थान में जयपुर जिले के खो-नागोरियान थानाक्षेत्र के बुन्दू विहार कॉलोनी बंध्या मोड़ पर एक बेटे ने नशे के पैसों के विवाद में अपनी ही मां की कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अनिल बैरवा (27) नशे का आदी है और पैसों के लिए आए दिन अपने परिवार वालों से झगड़ा करता रहता था।

उन्होंने बताया कि शनिवार को जब आरोपी के दो भाई और भाभी मजदूरी करने गये थे, तब घर में अनिल और उसकी मां पन्नी देवी अकेले थे।

शर्मा के अनुसार अनिल ने अपनी मां से नशे के लिए पैसे मांगे लेकिन उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया, ऐसे में वह अपना आपा खो बैठा एवं मां का सिर दीवार पर दे मारा और फिर चाकू से चेहरे एवं शरीर पर ताबड़तोड़ प्रहार किया।

पुलिस उपायुक्त का कहना है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपना मोबाइल फोन बंद कर मौके से फरार हो गया।

थानाधिकारी प्रकाश विश्नोई ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया एवं फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

विश्नोई के अनुसार सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने मां की हत्या करने की बात कबूल की।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार