नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता और कवि कुमार विश्वास के खिलाफ दायर किया मानहानि का मामला केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली ने वापस ले लिया है। विश्वास ने कुछ दिन पहले ही जेटली को एक पत्र लिखकर इस मामले में अपना पक्ष स्पष्ट किया था। इसके बाद ही जेटली ने केस वापस ले लिया। इस पत्र में विश्वास ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ काफी तल्ख बातें लिखी हैं।
बता दें कि विश्वास ने अपने पत्र में अपने बयानों के लिए माफी मांगते हुए मानहानि का मुकदमा वापस ले लेने की अपील की। विश्वास ने लिखा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के कहने पर उन्होंने और अन्य पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं ने उन आरोपों को दोहराया था।
यह भी पढ़ें : उपचुनाव में कई जगह ईवीएम में खराबी, चुनाव आयोग ने भीषण गर्मी को बताया कारण
विश्वास ने अपने पत्र में केजरीवाल को आदतन झूठा बताते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता होने के कारण मैंने सिर्फ केजरीवाल की बातों को दोहराया था। उन्होंने पत्र में कहा कि अरविंद केजरीवाल ने उन्हें, पार्टी कार्यकर्ताओं और देश को धोखे में रख कर कुछ तथाकथित सबूतों का हवाला देते हुए जेटली पर आरोप लगाए थे। वित्त मंत्री अरूण जेटली के वकील ने कहा कि हमने कुमार विश्वास के खिलाफ मानहानि का मामला वापस ले लिया है।
गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल और अन्य पार्टी नेताओं के माफी मांग लिए जाने के बाद कुमार अकेले ही इस मामले में अभियुक्त के रुप में बचे रह गए थे।
वेब डेस्क, IBC24