जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में मिनी बस खाई में गिरी, 30 लोग घायल

Ads

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में मिनी बस खाई में गिरी, 30 लोग घायल

  •  
  • Publish Date - October 29, 2024 / 03:42 PM IST,
    Updated On - October 29, 2024 / 03:42 PM IST

जम्मू, 29 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में मंगलवार को एक मिनी बस के सड़क से फिसलकर खाई में गिर जाने से कम से कम 30 यात्री घायल हो गए, जिनमें अधिकतर नर्सिंग कॉलेज के छात्र हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मिनी बस सलमारी से उधमपुर जा रही थी, तभी दोपहर करीब साढ़े 12 बजे फरमा गांव के पास यह दुर्घटना हुई।

अधिकारियों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और 30 यात्रियों को उपचार के लिए उधमपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से तीन की हालत गंभीर है और उन्हें विशेष उपचार के लिए जम्मू ले जाया जा रहा है।

उधमपुर की उपायुक्त सलोनी राय ने स्थिति का जायजा लेने के लिए अस्पताल का दौरा किया।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘शुरुआती जानकारी के अनुसार, ब्रेक फेल होने के बाद मिनी बस खाई में गिर गई, जिसमें करीब 30 से 35 लोग सवार थे।’’

राय ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की जाएगी।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप