मान वीडियो विवाद: सीसीटीवी फुटेज में पंजाब के दो पुलिसकर्मी गुरुग्राम के एक होटल में जाते हुए दिखे

Ads

मान वीडियो विवाद: सीसीटीवी फुटेज में पंजाब के दो पुलिसकर्मी गुरुग्राम के एक होटल में जाते हुए दिखे

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 01:50 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 01:50 PM IST

गुरुग्राम, 25 जून (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस के हाथ एक होटल का सीसीटीवी फुटेज लगा है, जिसमें पंजाब पुलिस के दो अधिकारी मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े एक विवादित वीडियो की ‘फर्जी’ फोरेंसिक रिपोर्ट कथित तौर पर तैयार करवाने के लिए वहां गए थे। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने बताया कि अगर पंजाब पुलिस के इन अधिकारियों के खिलाफ ठोस सबूत मिलते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।

यह घटनाक्रम एक कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर मचे राजनीतिक बवाल के बीच सामने आया है।

इसी वीडियो को लेकर सिखों की सर्वोच्च संस्था अकाल तख्त ने 15 जून को मान के खिलाफ एक आदेश जारी किया था।

अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गडगज ने दावा किया था कि दो फोरेंसिक लैब ने उस वीडियो को ‘असली’ पाया है, जिसमें मान जैसे दिखने वाले एक व्यक्ति को कथित तौर पर देखा जा सकता है।

फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट में वीडियो की पुष्टि के बाद मान के खिलाफ 15 जून को यह आदेश जारी किया गया।

मान ने इस वीडियो को खारिज करते हुए कहा कि यह उन्हें बदनाम करने के लिए फैलाया गया ‘झूठा प्रचार’ है।

आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई ने यह भी दावा किया था कि दो लैब की फोरेंसिक जांच से पता चला कि कथित आपत्तिजनक वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मु‍ख्यमंत्री नहीं हैं।

अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस ने उस होटल के एंट्री रजिस्टर से जानकारी और सीसीटीवी फुटेज हासिल कर ली है, जहां हाल ही में पुलिस अधिकारी ठहरे थे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्हें लगता है कि इन अधिकारियों का वहां मौजूद होना महज संयोग नहीं बल्कि यह किसी गहरी साजिश का हिस्सा हो सकता है।

उन्होंने बताया, “पंजाब के इन दो अधिकारियों को जल्द ही जांच में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से बुलाया जाएगा। हम होटल में उनके जाने का मकसद साफ करना चाहते हैं और यह पता लगाना चाहते हैं कि क्या इस मामले में गिरफ्तार आरोपी से उनका कोई संबंध है।”

अधिकारी ने बताया, “इस मामले में उन्हें सह-आरोपी बनाने का फैसला उनसे पूछताछ के दौरान मिले जवाबों और सबूतों के आधार पर लिया जाएगा। अगर उनके खिलाफ ठोस सबूत मिलते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार भी किया जा सकता है।”

अधिकारियों ने बताया कि मामले के शिकायतकर्ता जसप्रीत उर्फ ​​जस्सी को एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है, जहां वरिष्ठ अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन