जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में आतंकियों का मददगार हिरासत में

Ads

जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में आतंकियों का मददगार हिरासत में

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 08:59 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 08:59 PM IST

श्रीनगर, 11 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पुलिस ने शनिवार को आतंकियों के एक मददगार को हिरासत में लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि अमरनाथ यात्रा से पहले लगाए गए चेहरा पहचान प्रणाली (एफआरएस) से उसकी पहचान हुई थी।

पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के दौरान कड़े सुरक्षा इंतजामों के तहत अनंतनाग में पुलिस द्वारा लगाये गये एफआरएस ने नुनवान आधार शिविर के एक्स-रे जांच केंद्र पर समय रहते अलर्ट जारी किया और इसके बाद आतंकियों के एक मददगार को हिरासत में ले लिया गया।

उन्होंने बताया कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति उत्तर कश्मीर के बांदीपोरा जिले के हाजिन का रहने वाला मोहम्मद इकबाल वानी है।

प्रवक्ता ने बताया कि एफआरएस से अलर्ट मिलने के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने उस व्यक्ति को रोका और उसकी पहचान की पुष्टि की तथा जांच में उसके मददगार होने की पुष्टि हुई।

उन्होंने बताया कि वानी को कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए हिरासत में रखा गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि यह सफल कार्रवाई अनंतनाग पुलिस द्वारा यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से कराने के लिए बनाए गए बहुस्तरीय सुरक्षा तंत्र में शामिल आधुनिक तकनीक की प्रभावशीलता को दर्शाती है।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव

ताजा खबर