जम्मू-कश्मीर: सेना ने पुंछ में अचानक आई बाढ़ में फंसे सात लोगों को बचाया

Ads

जम्मू-कश्मीर: सेना ने पुंछ में अचानक आई बाढ़ में फंसे सात लोगों को बचाया

  •  
  • Publish Date - August 20, 2025 / 12:03 AM IST,
    Updated On - August 20, 2025 / 12:03 AM IST

जम्मू, 19 अगस्त (भाषा) भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में अचानक आई बाढ़ के बाद एक टापू पर फंसी महिलाओं और बच्चों समेत सात लोगों को मंगलवार को बचा लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

जम्मू स्थित रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि सेना ने लोअर कुनियान में एक तेज और सफल बचाव अभियान चलाय। लोअर कुनियान में भारी बारिश के कारण जलस्तर में अचानक वृद्धि के बाद उफनती पुंछ नदी के एक टापू पर कई नागरिक फंस गए थे।

संकट की सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए, सेना के विशेष प्रशिक्षित एक बचाव दल को तैनात किया गया, जिसने फंसे हुए सभी सात लोगों को बचा लिया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘यह अभियान भारतीय सेना की बहादुरी, साहस और करुणा के विशिष्ट मूल्यों को दर्शाता है। सैनिकों ने असहाय नागरिकों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर अनुकरणीय समर्पण का परिचय दिया।’’

उन्होंने कहा कि समय पर किए गए हस्तक्षेप से न केवल संभावित त्रासदी को रोका गया, बल्कि स्थानीय लोगों को संकट के समय में सेना की तत्परता के बारे में आश्वस्त भी किया गया।

भाषा सुरेश सिम्मी

सिम्मी