खामेनेई की मौत,विधि विश्वविद्यालय की मांग को लेकर जम्मू कश्मीर विस में हंगामा, कार्यवाही स्थगित

Ads

खामेनेई की मौत,विधि विश्वविद्यालय की मांग को लेकर जम्मू कश्मीर विस में हंगामा, कार्यवाही स्थगित

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 11:32 AM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 11:32 AM IST

जम्मू, 27 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर विधानसभा में पांच सप्ताह के अवकाश के बाद शुक्रवार को बजट सत्र फिर से शुरू होने पर हंगामा मचने के बीच सदन की कार्यवाही को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया।

विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राठेर ने सदन में खड़े होकर नारेबाजी कर रहे सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों से शांत होने की अपील की लेकिन उन्होंने प्रश्नकाल को बाधित करना जारी रखा।

सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और निर्दलीय विधायकों के साथ-साथ विपक्षी दल पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने की निंदा करते हुए इजराइल के खिलाफ नारे लगाए, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने जम्मू में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर तख्तियां लहराईं।

विधानसभा का बजट सत्र पांच सप्ताह के अवकाश के बाद शुक्रवार को जम्मू में फिर से शुरू हुआ। इसका पहला चरण दो से 20 फरवरी तक हुआ था।

पहले सत्र में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने छह फरवरी को बजट पेश किया था और सदन ने प्रतिदिन दो बैठकों में विस्तृत चर्चा के बाद विभिन्न विभागों के लिए अनुदान पारित किए।

वर्तमान सत्र चार अप्रैल को समाप्त होगा।

सदन की अधिसूचित कार्यसूची के अनुसार, 30 मार्च और एक अप्रैल को गैर सरकारी विधेयकों के लिए निर्धारित किया गया है जबकि 31 मार्च और दो अप्रैल को गैर सरकारी संकल्पों के लिए आरक्षित किया गया है।

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना