दिल्ली में सम्मेलन में शामिल हुए जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर
दिल्ली में सम्मेलन में शामिल हुए जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को यहां ‘विकसित भारत की ओर भारत की यात्रा के लिए वित्तपोषण’ विषय पर आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लिया और उम्मीद जताई कि विचार-विमर्श से जम्मू-कश्मीर के लिए स्पष्ट वित्तीय मार्ग तैयार करने में मदद मिलेगी।
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने विधानमंडल वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्रियों एवं वित्त सचिवों के सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में भाग लिया।
दो दिवसीय इस सम्मेलन का आयोजन केंद्रीय वित्त मंत्रालय द्वारा किया गया है। यह सम्मेलन ‘विकसित भारत’ की ओर भारत की विकास यात्रा को प्रभावित करने वाली वित्तीय चुनौतियों और नीतिगत प्राथमिकताओं पर चर्चा के लिए एक मंच प्रदान करता है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मुख्यमंत्री (उमर अब्दुल्ला) ‘विकसित भारत की यात्रा के वित्तपोषण’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।’
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, ‘विचार-विमर्श से जम्मू-कश्मीर के लिए स्पष्ट वित्तीय रास्ते तैयार करने में मदद मिलेगी, जिसमें वृहद आर्थिक विकास, कृषि परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा पर ध्यान केंद्रित करते हुए टिकाऊ एवं समावेशी विकास को आगे बढ़ाया जाएगा।’
भाषा शुभम नेत्रपाल शोभना
शोभना

Facebook


