जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री ने तीन जून को विधायकों की बैठक बुलाई

Ads

जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री ने तीन जून को विधायकों की बैठक बुलाई

  •  
  • Publish Date - May 31, 2026 / 03:04 PM IST,
    Updated On - May 31, 2026 / 03:04 PM IST

श्रीनगर, 31 मई (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने तीन जून को सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों और सरकार का समर्थन करने वाले निर्दलीय विधायकों की बैठक बुलाई है, जिसमें ‘सामूहिक महत्व से जुड़े मामलों’ पर चर्चा की जाएगी।

अब्दुल्ला ने विधायकों को लिखे आमंत्रण पत्र में कहा कि बैठक में सामूहिक महत्व के मामलों और जन कल्याण से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

अब्दुल्ला ने अपनी पार्टी के विधायकों के अलावा सरकार का समर्थन कर रहे चार निर्दलीय विधायकों को भी आमंत्रित किया है।

हालांकि, मुख्यमंत्री ने अभी तक उन छह कांग्रेस विधायकों को आमंत्रित नहीं किया है जो नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार का समर्थन कर रहे हैं।

एक नेकां विधायक ने कहा कि बैठक में जम्मू कश्मीर के मौजूदा मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘आमंत्रण से पता चलता है कि मुख्यमंत्री उन समस्याओं और मुद्दों के बारे में विधायकों से सुनना चाहते हैं जिनका यहां के लोग सामना कर रहे हैं।’

नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर विधायक ने कहा कि यह बैठक ‘सामान्य’ नहीं बल्कि एक गंभीर प्रक्रिया है।

यह बैठक जम्मू कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा द्वारा किए गए उन दावों की पृष्ठभूमि में होगी जिसमें उन्होंने कहा था कि सत्तारूढ़ दल के कई विधायक पाला बदलने वाले हैं।

शर्मा ने दावा किया कि उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी और किसी भी समय गिर सकती है।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश