श्रीनगर, 22 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस विधायक दल सहयोगी नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के साथ बुधवार को बैठक में शामिल नहीं हुआ।
कांग्रेस विधायक दल ने कहा कि उसने अपने विधायकों के कुछ सुझावों एवं भावनाओं के बारे में पार्टी आलाकमान को पत्र लिखा है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा ने यहां कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला द्वारा हमारे विधायकों को बैठक के लिए दिए गए निमंत्रण पर चर्चा की। हम सदस्यों के सुझाव, भावनाएं और इच्छाएं पार्टी आलाकमान को लिखित रूप में भेज रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण मामलों की संवेदनशीलता को देखते हुए नेकां के साथ बैठक बृहस्पतिवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
कर्रा ने कहा, ‘‘हमने संवेदनशील और महत्वपूर्ण मामलों पर अधिक चर्चा और विचार-विमर्श के लिए बैठक बृहस्पतिवार तक स्थगित करने का निर्णय लिया है।’’
राज्यसभा चुनाव के लिए नेकां द्वारा कांग्रेस को सुरक्षित सीट देने से इनकार किए जाने के बाद दोनों दलों के बीच संबंध स्पष्ट रूप से तनावपूर्ण हो गए हैं।
नेकां ने कांग्रेस को चौथी सीट की पेशकश की थी, जहां उसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से कड़ी टक्कर मिलती।
कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारने से इनकार कर दिया और अगले महीने होने वाला नगरोटा विधानसभा उपचुनाव लड़ने के नेकां के प्रस्ताव को भी स्वीकार नहीं किया।
नेकां ने चौथी राज्यसभा सीट के साथ-साथ नगरोटा उपचुनाव के लिए भी अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
भाषा सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल