जम्मू-कश्मीर: कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया और तुरंत इस्तीफा देने की मांग की

जम्मू-कश्मीर: कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया और तुरंत इस्तीफा देने की मांग की

जम्मू-कश्मीर: कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया और तुरंत इस्तीफा देने की मांग की
Modified Date: September 28, 2026 / 06:51 pm IST
Published Date: September 28, 2026 6:51 pm IST

श्रीनगर, 28 सितंबर (भाषा) कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सोमवार को घाटी के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन किया और उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की।

पार्टी ने बताया कि ये प्रदर्शन ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया।

पार्टी के राज्यसभा सदस्य पवन खेड़ा ने यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) मुख्यालय में आयोजित प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

खेड़ा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पार्टी कार्यालय परिसर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी।

खेड़ा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि पार्टी ने देश के हर जिले में प्रदर्शन किया क्योंकि ‘‘चुनाव चोरी किए जा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब यह साबित हो चुका है और इसके सबूत निर्वाचन आयोग के भीतर से भी सामने आए हैं। निर्वाचन आयोग के भीतर से ही दो निर्वाचन आयुक्तों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ एक तरह से अविश्वास जताया है।’’ प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर ज्ञानेश के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगाए।

खेड़ा ने कहा कि फॉर्म-6 में बदलाव करना अवैध है क्योंकि 1960 के नियम में संशोधन किए बिना फॉर्म-6 में बदलाव नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा, ‘‘1960 के नियम में बदलाव के लिए संसद की मंजूरी जरूरी है, जो नहीं ली गई। इसलिए पूरा फॉर्म-6 अवैध है। इसी वजह से पूरी एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया भी अवैध है। और अगर एसआईआर अवैध है, तो इसके जरिए हटाए गए या जोड़े गए सभी नाम भी अवैध हैं। अगर वे अवैध हैं, तो बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनाव भी अवैध हैं।’’

उन्होंने ज्ञानेश कुमार से मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पद से इस्तीफा देने की मांग की।

कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘‘हम ज्ञानेश के इस्तीफा देने तक लड़ते रहेंगे, क्योंकि अगर ऐसे लोग इस देश में बने रहे तो चुनाव कराना संभव नहीं होगा।’’

जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री ताराचंद ने सोमवार को चुनावी प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता की मांग की।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र संदेह के आधार पर नहीं चल सकता और निर्वाचन आयोग को हर जायज चिंता का समाधान करना चाहिए।

ताराचंद ने खौर विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की नींव हैं तथा राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों या नागरिकों द्वारा उठाई गई हर वास्तविक चिंता का पारदर्शी तरीके से व कानून के अनुरूप समाधान किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र संदेह के आधार पर नहीं चल सकता। निर्वाचन आयोग को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और हर जायज सवाल का जवाब देना चाहिए। चुनावी प्रक्रिया में जनता के विश्वास की रक्षा की जानी चाहिए।’’

भाषा जितेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में