जम्मू-कश्मीर: पुंछ जिला अस्पताल में लगी आग, कोई हताहत नहीं

Ads

जम्मू-कश्मीर: पुंछ जिला अस्पताल में लगी आग, कोई हताहत नहीं

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 12:27 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 12:27 PM IST

जम्मू, 19 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिला अस्पताल के एक हिस्से में शनिवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई हालांकि अस्पताल कर्मचारियों और अग्निशमव एवं आपात सेवा कर्मियों के तत्काल कदम उठाने से आग पर काबू पा लिया गया तथा आग को वार्डों तक फैलने से रोक लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, आग सुबह करीब आठ बजे अस्पताल के प्रसव कक्ष के बाहर जमा कचरे में लगी और तेजी से फैल गई।

उन्होंने बताया कि आग की लपटों ने पास के एक कमरे की खिड़कियों को अपनी चपेट में ले लिया।

अधिकारियों ने बताया कि इस कमरे में अस्पताल के अनुपयोगी उपकरण रखे हुए थे।

अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने का पता चलते ही अस्पताल के कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।

एक चिकित्सक ने बताया, “आग दुर्घटनावश लगी थी और तेजी से फैल गई। अस्पताल के कर्मचारियों ने तुरंत आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी और अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग तथा पुलिस को इसकी सूचना दी। दमकल की एक गाड़ी तुरंत अस्पताल पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।”

उन्होंने बताया कि जिस कमरे के पास आग लगी, वह अस्पताल के वार्डों से करीब 10 मीटर की दूरी पर है।

चिकित्सक ने बताया कि अस्पताल कर्मचारियों की सतर्कता और तुरंत की गई कार्रवाई से आग की लपटों को मरीजों वाले क्षेत्रों तक पहुंचने से रोक लिया गया। उन्होंने बताया कि अस्पताल को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ हालांकि कुछ खिड़कियां जल गईं और कुछ अनुपयोगी सामान क्षतिग्रस्त हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने से अफरा-तफरी मच गई और एहतियात के तौर पर कई मरीजों को उनके तीमारदारों ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

प्रभावित हिस्से से घना धुआं भी उठता हुआ दिखाई दिया।

उन्होंने बताया कि हालांकि, कुछ ही देर बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया और इस घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन