जम्मू कश्मीर: डोडा, किश्तवाड़ और पुंछ में बादल फटने से अचानक बाढ़ आई; कोई हताहत नहीं

Ads

जम्मू कश्मीर: डोडा, किश्तवाड़ और पुंछ में बादल फटने से अचानक बाढ़ आई; कोई हताहत नहीं

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 12:32 AM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 12:32 AM IST

जम्मू, दो जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर के डोडा, किश्तवाड़ और पुंछ जिलों में मंगलवार को बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के कारण कई स्थानों पर सड़कें अवरुद्ध हो गईं, आवासीय क्षेत्र जलमग्न हो गए और वाहन मलबे के नीचे दब गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं और प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन टीमें तैनात की गई हैं।

किश्तवाड़ जिले में बादल फटने की दो घटनाएं हुईं – पहली सारथल के गाहन क्षेत्र में और दूसरी माछीपाल में, जबकि इस तरह की एक अन्य घटना डोडा जिले के थाथरी क्षेत्र में हुई, जिससे अचानक बाढ़ आ गई।

केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज शर्मा से बात की।

सिंह ने कहा कि प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

भाषा तान्या सुभाष

सुभाष