जम्मू-कश्मीर के रामबन में सरकारी शिक्षक छात्रा से उत्पीड़न के आरोप में निलंबित

Ads

जम्मू-कश्मीर के रामबन में सरकारी शिक्षक छात्रा से उत्पीड़न के आरोप में निलंबित

  •  
  • Publish Date - September 16, 2026 / 12:34 PM IST,
    Updated On - September 16, 2026 / 12:34 PM IST

बनिहाल/जम्मू, 16 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में एक छात्रा से उत्पीड़न के आरोपों के बाद एक सरकारी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि गूल जोन के सरकारी हाई स्कूल हुरोगे में तैनात रियाज अहमद के खिलाफ यह कार्रवाई 14 सितंबर को गठित एक जांच समिति द्वारा औपचारिक रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद की गई है।

स्कूल में शिक्षक द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एक छात्रा ने शिकायत की जिसके बाद अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए थे।

रामबन के मुख्य शिक्षा अधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, शिक्षक को जम्मू-कश्मीर सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियमावली, 1956 के नियम 31 के तहत निलंबित कर दिया गया है।

आदेश में कहा गया है कि निलंबन की अवधि के दौरान रियाज अहमद खाड़ी जोन के सरकारी प्राथमिक स्कूल भट्टा से संबद्ध रहेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा