श्रीनगर, नौ सितंबर (भाषा) कश्मीरी प्रवासियों के लिए प्रधानमंत्री रोजगार पैकेज के तहत भर्ती किए गए कश्मीरी पंडित कर्मचारियों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आतंकवादियों की धमकियों के मद्देनजर अपने लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस महीने के अंत तक उन्हें सुरक्षित आवास उपलब्ध नहीं कराया गया तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
एक आतंकवादी संगठन ‘यूनाइटेड लिबरेशन काउंसिल’ ने कश्मीर में काम कर रहे कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को निशाना बनाने की धमकी दी है।
आतंकी संगठन ने सोशल मीडिया पर कई कश्मीरी पंडित कर्मचारियों के नाम और फोन नंबर साझा कर उन्हें जम्मू में भी निशाना बनाने की धमकी दी थी।
यहां ‘प्रेस एन्क्लेव’ में प्रदर्शन कर रहे एक कर्मचारी ने कहा, ‘हम अपने कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था से संतुष्ट हैं। हमारी एकमात्र चिंता आवास को लेकर है। प्रशासन को उन 26 इमारतों में कर्मचारियों को आवास आवंटित करना चाहिए, जिनका निर्माण पूरा हो चुका है।’
एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि यदि सरकार ने 30 सितंबर तक कर्मचारियों को आवास का कब्जा नहीं दिया तो वे भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘हम पिछले 16 वर्षों से यहां काम कर रहे हैं, लेकिन अब तक हमें सुरक्षित आवास नहीं मिला है।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश