भदेरवाह/जम्मू, 20 जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में पुलिस की कथित गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत के मामले में प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
उनके अनुसार, 16 जुलाई को भदेरवाह के जई क्षेत्र में हाथापाई के दौरान चीका गांव निवासी आरिफ हुसैन ने कथित तौर पर विशेष अभियान समूह (एसओजी) के एक जवान की राइफल छीनने की कोशिश की थी। इस दौरान हुई गोलीबारी में उसकी मौत हो गई। घटना में एसओजी के तीन जवान भी घायल हुए थे।
हालांकि, हुसैन की मौत के बाद डोडा और पड़ोसी किश्तवाड़ जिले में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।
आरिफ हुसैन के परिवार में उनकी गर्भवती पत्नी, मां और एक नाबालिग बच्चा हैं। उनके पिता मोहम्मद इकबाल की मार्च 1999 में आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी। इकबाल विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) थे।
भदेरवाह के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि डोडा के उपायुक्त ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं, जबकि डोडा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
भाषा
राखी रंजन
रंजन