श्रीनगर, 14 अप्रैल (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने गौ-रक्षा से संबंधित घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मंगलवार को भाजपा से जम्मू-कश्मीर में शांति और सद्भाव को भंग करने वाली कार्रवाइयों से बचने की अपील की।
पार्टी के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि पीडीपी अध्यक्ष ने संयम और सतर्कता बरतने की जरूरत पर जोर दिया। मुफ्ती ने मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में एक पार्टी कार्यक्रम में भाग लेने के बाद यह अपील की।
मुफ्ती ने कहा, “यह जम्मू-कश्मीर है और इसकी संवेदनशीलताओं का सम्मान किया जाना चाहिए।”
भारत की विदेश नीति पर टिप्पणी करते हुए जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि “इजराइल के साथ भारत के संबंध अंतरराष्ट्रीय धारणा को प्रभावित कर सकते हैं।”
मुफ्ती ने कहा कि सार्थक संवाद ही आगे बढ़ने का एकमात्र व्यवहार्य रास्ता है। इस संदर्भ में उन्होंने पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि शिकायतों के समाधान और स्थायी शांति के लिए बातचीत एवं संवाद आवश्यक है।
मुफ्ती ने लगातार संवाद और आम लोगों के साथ गहरे जुड़ाव की आवश्यकता पर भी बल दिया।
पीडीपी द्वारा जनता के साथ किए जा रहे संवाद कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि खासकर युवाओं की बात सुनने के लिए की जा रही है।
उन्होंने कहा, “युवाओं की आवाज सुनना जरूरी है। यदि पीडीपी उनकी समस्याओं को कम करने में किसी भी तरह योगदान दे सकती है, तो यह सही दिशा में एक कदम होगा।”
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश