जम्मू-कश्मीर : संदिग्ध आतंकियों की तलाश में ‘ऑपरेशन शेरूवाली’ तीसरे दिन भी जारी

जम्मू-कश्मीर : संदिग्ध आतंकियों की तलाश में ‘ऑपरेशन शेरूवाली’ तीसरे दिन भी जारी

जम्मू-कश्मीर : संदिग्ध आतंकियों की तलाश में ‘ऑपरेशन शेरूवाली’ तीसरे दिन भी जारी
Modified Date: May 25, 2026 / 05:17 pm IST
Published Date: May 25, 2026 5:17 pm IST

जम्मू, 25 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के घने जंगलों में छिपे संदिग्ध आतंकवादियों की तलाश में चलाया जा रहा अभियान सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने संदिग्ध आतंकवादियों की गतिविधियों संबंधी विशेष सूचना मिलने के बाद शनिवार को इलाके में अभियान शुरू किया था।

‘ऑपरेशन शेरूवाली’ शुरू होने के बाद शनिवार को दोरीमल-गंभीर मोगला क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई थी।

अधिकारियों ने कहा, ‘‘संदिग्ध आतंकवादियों का पता लगाने के लिए मजबूत घेराबंदी के बीच अभियान जारी है। निगरानी व्यवस्था भी की गई है।’’

उन्होंने बताया कि ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से संयुक्त टीमों ने तलाशी अभियान को आसपास के इलाकों तक विस्तारित कर दिया है। अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर घेराबंदी और मजबूत की गई है ताकि इलाके में छिपे संदिग्ध आतंकवादियों का पता लगाया जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध आतंकवादियों के साथ सामना होने के बाद संक्षिप्त गोलीबारी हुई, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने जंगल वाले क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान जारी रखा।

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार इलाके में दो से तीन आतंकवादियों की मौजूदगी की आशंका है।

सेना की व्हाइट नाइट कोर ने ‘एक्स’ पर कहा कि पुलिस और सीआरपीएफ के साथ खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे गंभीर मोगला क्षेत्र में आतंकवादियों के साथ सामना हुआ था।

भाषा Intern मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में