जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कठुआ में 49 मवेशियों को ले जा रहे तीन ट्रक जब्त किए, तस्कर फरार

Ads

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कठुआ में 49 मवेशियों को ले जा रहे तीन ट्रक जब्त किए, तस्कर फरार

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 05:17 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 05:17 PM IST

जम्मू, 27 अगस्त (भाषा) जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में पुलिस ने गोवंशीय पशु तस्करी की तीन अलग-अलग कोशिशों को नाकाम करते हुए 49 मवेशियों को बचाया और उन्हें ले जाने के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे तीन ट्रकों को जब्त किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि तीनों घटनाओं में ट्रक पंजाब से आ रहे थे और कथित तस्कर मौके से फरार हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि पहली घटना में पुलिस दल ने बृहस्पतिवार को लखनपुर से ट्रक के रवाना होने के स्थल पर नाका और जांच के दौरान एक ट्रक को रोका।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान उन्हें गाड़ी में अमानवीय तरीके से लदे 17 मवेशी मिले जिन्हें उन्होंने बचाया और ट्रक को जब्त कर लिया, जबकि चालक मौके से भाग गया।

अधिकारियों ने बताया कि लखनपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अन्य दो घटनाओं में पुलिस ने बुधवार को कठुआ के हटली मोड़ और सावन चक इलाकों में दो ट्रकों को रोका।

हटली मोड़ पर ट्रक चालक नाका स्थल से कुछ मीटर पहले वाहन रोककर फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान ट्रक में 17 मवेशी लदे मिले, जिन्हें बचा लिया गया। उसने बताया कि वाहन जब्त कर लिया गया और कठुआ थाने में मामला दर्ज किया गया।

सावन चक में भी ट्रक चालक नाका स्थल से कुछ मीटर पहले वाहन रोककर फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि ट्रक में 15 मवेशी लदे मिले, जिन्हें बचा लिया गया। वाहन जब्त कर लिया गया और कठुआ थाने में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

शुभम माधव

माधव