जम्मू, छह सितंबर (भाषा) कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर के किराये में कथित बढ़ोतरी पर रविवार को सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि आम श्रद्धालुओं पर बढ़ती लागत का बोझ नहीं पड़ना चाहिए।
एक नवंबर, 2026 से कटरा से सांझीछत तक का हेलीकॉप्टर किराया 16.4 प्रतिशत बढ़ जाएगा तथा यह प्रति व्यक्ति एक तरफ के लिए 2,320 रुपये से बढ़कर 2,700 रुपये हो जाएगा। आने-जाने का किराया 4,640 रुपये से बढ़कर 5,400 रुपये हो जाएगा।
जम्मू शहरी जिला कांग्रेस समिति की ओर से भगवती नगर के पास आयोजित ‘चौपाल पर चर्चा’ कार्यक्रम में कर्रा ने कहा कि किराये में बढ़ोतरी भाजपा की जन-विरोधी नीतियों को दिखाती है।
उन्होंने पूछा, ‘‘जब आम तीर्थयात्रियों पर पहले से ही खर्च का बोझ बढ़ रहा है, तो उन्हें अतिरिक्त खर्च क्यों उठाना चाहिए?’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि तीर्थाटन स्थानीय अर्थव्यवस्था का एक अहम हिस्सा है और तीर्थयात्रियों पर असर डालने वाले फैसलों का असर दुकानदारों, ट्रांसपोर्टरों, होटल मालिकों, टट्टू वालों, मजदूरों और तीर्थयात्रा से जुड़ी अर्थव्यवस्था पर निर्भर हजारों परिवारों पर भी पड़ता है।
कर्रा ने कहा कि ‘‘चौपाल पर चर्चा’’ का मकसद लोगों तक पहुंचना और नागरिकों के लिए अपनी समस्याओं पर खुलकर बात करने का माहौल बनाना था।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग आर्थिक तंगी, बेरोजगारी और राजनीतिक अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं, जबकि सरकार उन मुद्दों पर जवाबदेही से बच रही है जिनका सीधा असर उनके जीवन पर पड़ता है।
भाषा राजकुमार प्रशांत
प्रशांत