जम्मू कश्मीर : संदिग्ध गतिविधि की सूचना के बाद उधमपुर, रियासी, कठुआ में तलाशी अभियान जारी

जम्मू कश्मीर : संदिग्ध गतिविधि की सूचना के बाद उधमपुर, रियासी, कठुआ में तलाशी अभियान जारी

जम्मू कश्मीर : संदिग्ध गतिविधि की सूचना के बाद उधमपुर, रियासी, कठुआ में तलाशी अभियान जारी
Modified Date: August 18, 2026 / 09:42 am IST
Published Date: August 18, 2026 9:42 am IST

जम्मू, 18 अगस्त (भाषा) जम्मू कश्मीर के उधमपुर, रियासी और कठुआ जिलों में संदिग्ध लोगों की गतिविधि की खबर मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने कई जगहों पर तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दो संदिग्ध लोगों की गतिविधि के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मिलकर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।

उन्होंने कहा कि इन लोगों ने कथित तौर पर सोमवार देर रात उधमपुर के तालोट गांव में प्रकाश चंद के घर का दरवाजा खटखटाया और खाना मांगा था।

अधिकारियों के अनुसार, कुछ देर तक दरवाजा खटखटाने की आवाज आती रही लेकिन घर के लोगों ने कोई जवाब नहीं दिया। जब शॉल ओढ़े संदिग्ध लोग वहां से खुबन की तरफ चले गए तो चिंतित घरवालों ने सुरक्षाबलों को इसकी सूचना दी।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम गांव पहुंचीं और अभियान शुरू किया।

इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने रियासी के सदिनी जंगलों तथा कठुआ के हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास कई गांवों में तलाशी अभियान चलाया।

अधिकारियों के अनुसार, जिन इलाकों से हाल में ऐसी खबरें मिली हैं, वहां तलाशी अभियान जारी है।

भाषा सुरभि नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में