श्रीनगर, 16 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शांति भंग करने के इरादे से विभिन्न सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से अफवाहें फैलाने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि उत्तरी कश्मीर जिले के सोपोर इलाके में पुलिस ने भ्रामक जानकारी फैलाने और पुराने वीडियो को हालिया घटनाओं के रूप में चित्रित कर साझा करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की मंशा शांति एवं कानून व्यवस्था में खलल डालने की थी, जिनके खिलाफ सोपोर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया। मामले की जांच जारी है। हालांकि, उन्होंने आरोपियों की पहचान उजागर नहीं की।
पुलिस ने जनता को सोशल मीडिया पर असत्यापित सामग्री साझा करने या उसे बढ़ावा देने से बचने की सलाह दी है।
इसने साथ ही चेतावनी दी है कि ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
भाषा सुमित नेत्रपाल
नेत्रपाल