जम्मू-कश्मीर: अमरनाथ यात्रा से पहले यातायात प्रतिबंध लागू
जम्मू-कश्मीर: अमरनाथ यात्रा से पहले यातायात प्रतिबंध लागू
श्रीनगर, 30 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर यातायात पुलिस ने वार्षिक अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर मंगलवार को श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की।
यातायात पुलिस ने एक परामर्श जारी कर घोषणा की कि बुधवार शाम सात बजे से राजमार्ग पर भारी वाहनों को आवाजाही की अनुमति नहीं होगी, जबकि हल्के वाहनों को रात 11 बजे तक चलने की इजाजत होगी।
यातायात परामर्श के अनुसार, ‘आगामी श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के मद्देनजर एक जुलाई 2026 को शाम सात बजे के बाद काजीगुंड से जम्मू की ओर और जखेनी (उधमपुर) से श्रीनगर की ओर भारी वाहनों को आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, हल्के वाहनों को रात 11:00 बजे तक जाने की अनुमति दी जाएगी।’’
यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों का पहला जत्था दो जुलाई 2026 को जम्मू से रवाना होगा। पहला जत्था बृहस्पतिवार को जम्मू से पहलगाम और बालटाल के आधार शिविरों के लिए रवाना होगा। इसके बाद, शुक्रवार तड़के आधार शिविरों से औपचारिक रूप से यात्रा शुरू होगी।
यातायात परामर्श में कहा गया है कि समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए, यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे यातायात पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देश पर गौर करें।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश

Facebook


