जम्मू: नालियां जाम होने से रोकने के लिए नारियल के छिलकों से ‘कोकोपीट’ बनाने की पहल शुरू की गई
जम्मू: नालियां जाम होने से रोकने के लिए नारियल के छिलकों से ‘कोकोपीट’ बनाने की पहल शुरू की गई
जम्मू, दो अगस्त (भाषा) जम्मू नगर निगम (जेएमसी) ने नालों व सीवर में नारियल के छिलके फेंके जाने के कारण उनके जाम की समस्या से निपटने के लिए ‘नारियल छिलका प्रसंस्करण इकाई’ की शुरुआत की है जिसमें इन छिलकों को पर्यावरण-अनुकूल ‘कोकोपीट’ में परिवर्तित किया जाएगा। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
इस नयी पहल के तहत नगर निगम पूरे जम्मू शहर में नारियल विक्रेताओं से छिलके सीधे एकत्र करेगा और उन्हें भगवती नगर स्थित प्रसंस्करण इकाई तक पहुंचाएगा।
अधिकारी ने बताया कि छिलकों का वैज्ञानिक विधि से प्रसंस्करण कर ‘कोकोपीट’ तैयार किया जाएगा। यह एक पर्यावरण-अनुकूल माध्यम है, जिसका व्यापक उपयोग बागवानी, उद्यान सौंदर्यीकरण और जैविक खाद तैयार करने में किया जाता है।
शनिवार को इस सुविधा का उद्घाटन करते हुए जेएमसी आयुक्त देवांश यादव ने कहा कि नारियल बेचने वाले सभी पंजीकृत विक्रेताओं को विशेष पहचान वाले स्टीकर उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘इन स्टीकर की मदद से नगर निगम के कचरा संग्रह वाहन पंजीकृत विक्रेताओं की आसानी से पहचान कर सकेंगे और नारियल के छिलकों का नियमित संग्रह सुनिश्चित किया जा सकेगा।’’
आयुक्त ने कहा कि इस पहल से न केवल नालों के जाम होने की समस्या से निजात मिलेगी और मानसून में जलभराव कम होगा, बल्कि कचरे को उपयोगी संसाधन में भी बदला जा सकेगा।
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


