तमिलनाडु में ‘जन नायकन’ की अग्रिम बुकिंग को मिली शानदार प्रतिक्रिया
तमिलनाडु में ‘जन नायकन’ की अग्रिम बुकिंग को मिली शानदार प्रतिक्रिया
चेन्नई, 22 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की अंतिम फिल्म ‘जन नायकन’ की अग्रिम टिकट बुकिंग को राज्यभर में जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिली है। बृहस्पतिवार को विश्वभर में रिलीज होने वाली इस फिल्म के कई शो टिकट बिक्री शुरू होने के कुछ ही मिनटों में ‘हाउसफुल’ हो गए।
‘तमिलनाडु थिएटर ओनर्स एंड एग्जीबिटर्स एसोसिएशन’ के अध्यक्ष तिरुप्पुर सुब्रमण्यन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘तमिलनाडु के 1,168 सिनेमाघरों में से 1,000 में यह फिल्म प्रदर्शित की जा रही है और इसे वैसी ही प्रतिक्रिया मिल रही है जैसी विजय की फिल्मों को आमतौर पर मिलती है।’’
उन्होंने कहा कि विजय की पिछली चार फिल्मों के दौरान भी इसी तरह की प्रतिक्रिया देखने को मिली थी।
सुब्रमण्यन ने कहा, ‘‘हमें पता था कि फिल्म के कुछ हिस्से ऑनलाइन लीक होने के बावजूद दर्शक इसे सिनेमाघरों में देखना चाहेंगे। थिएटर मालिकों और वितरकों को इसे लेकर कोई संदेह नहीं था।’’
कोयंबटूर-इरोड-नीलगिरि और तिरुप्पुर जिला फिल्म वितरक संघ के महासचिव की जिम्मेदारी भी संभाल रहे सुब्रमण्यन ने कहा कि फिल्म की रिलीज पहले जनवरी में प्रस्तावित थी, लेकिन केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से प्रमाणन को लेकर लंबे समय तक चले विवाद के कारण इसमें सात महीने की देरी हुई। बाद में फिल्म को ‘ए’ प्रमाणपत्र दिया गया।
फिल्म अप्रैल में ऑनलाइन लीक भी हो गई थी। इसके बावजूद घरेलू स्तर पर इसकी अग्रिम टिकट बिक्री 15 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। कारोबार विश्लेषकों का अनुमान है कि फिल्म पहले दिन देशभर में 50 से 60 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकती है।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय की यह पहली फिल्म है और सक्रिय राजनीति एवं प्रशासन पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने से पहले यह उनकी अंतिम फिल्म भी मानी जा रही है। इसी कारण इसे लेकर दर्शकों में विशेष उत्साह है।
सूत्रों ने बताया कि फिल्म के ‘ओपनिंग क्रेडिट’ में विजय का परिचय औपचारिक रूप से ‘‘तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री’’ के रूप में दिया गया है।
उन्होंने बताया कि फिल्म की राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए राज्यभर के सिनेमाघरों को सरकार द्वारा निर्धारित टिकट दरों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
सिनेमाघर संचालकों को ‘ए’ प्रमाणपत्र के नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए 18 वर्ष से कम आयु के दर्शकों के प्रवेश पर रोक लगाकर रखने को भी कहा गया है।
फिल्म के निर्देशक एच. विनोद ने कहा है कि ‘जन नायकन’ लोकतंत्र की रक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को उठाती है। उन्होंने हाल के प्रचार कार्यक्रमों में कहा कि इस फिल्म को केवल एक विदाई फिल्म के रूप में नहीं, बल्कि ‘‘कार्यरत मुख्यमंत्री की पहली फिल्म’’ के रूप में देखा जाना चाहिए।
करीब 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और प्रकाश राज भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है।
तमिलनाडु में फिल्म का पहला शो 23 जुलाई को सुबह 8.40 बजे शुरू होगा।
भाषा
मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


