आशा भोसले के अंतिम संस्कार में लोगों के प्यार को देख भावुक हुईं जनाई

Ads

आशा भोसले के अंतिम संस्कार में लोगों के प्यार को देख भावुक हुईं जनाई

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 12:59 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 12:59 PM IST

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) दिग्गज गायिका आशा भोसले की पोती जनाई भोसले ने कहा कि वह अपनी दिवंगत दादी के अंतिम संस्कार के दौरान लोगों द्वारा इस तरह श्रद्धांजलि दिए जाने और उनके प्यार को देखकर काफी भावुक हो गईं।

मशहूर गायिका आशा भोसले का रविवार को 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें सीने में संक्रमण और थकान की शिकायत के बाद शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मुंबई में सोमवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों की कई जानी-मानी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

जनाई ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें दिवंगत गायिका का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा हुआ दिखाई दे रहा है।

उन्होंने लिखा, ‘भावनाओं से ओत-प्रोत हूं। जब मैं लिखने की स्थिति में रहूंगी तब कुछ लिखूंगी लेकिन मुझे यह कहना है कि आज और इसके बाद भी इतने सारे लोगों ने उन्हें सम्मान दिया और इतना प्यार दिखाया है।’

जनाई ने कहा, ‘मैं तहे दिल से आप सभी का शुक्रिया अदा करती हूं। वह इसकी पूरी हकदार थीं। मुझे अहसास है कि वह हम सभी के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।’

करीब आठ दशक लंबे अपने करियर में आशा भोसले ने 20 भाषाओं में 12,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड किए। उन्हें साल 2000 में ‘दादा साहब फाल्के पुरस्कार’ और 2008 में ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया था।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव