जंतर-मंतर के प्रदर्शनकारी भारत की युवा पीढ़ी ‘जेन-जी’ का प्रतिनिधित्व नहीं करते: विहिप नेता

जंतर-मंतर के प्रदर्शनकारी भारत की युवा पीढ़ी ‘जेन-जी’ का प्रतिनिधित्व नहीं करते: विहिप नेता

जंतर-मंतर के प्रदर्शनकारी भारत की युवा पीढ़ी ‘जेन-जी’  का प्रतिनिधित्व नहीं करते: विहिप नेता
Modified Date: September 18, 2026 / 10:28 pm IST
Published Date: September 18, 2026 10:28 pm IST

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने शुक्रवार को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के नेतृत्व वाले छात्र प्रदर्शनकारियों को ‘जेन-जी’ के प्रतिनिधि के तौर पर पेश किए जाने को खारिज कर दिया। विहिप ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाले, सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने वाले और अशोभनीय व्यवहार में शामिल लोग देश की युवा पीढ़ी का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकते।

‘चलो संसद’ मार्च के दौरान 20 जुलाई को कॉजपा के नेतृत्व वाले प्रदर्शनकारियों की सुरक्षाबलों से झड़प हुई थी। संसद की ओर बढ़ रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षाबलों ने लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस छोड़ी थी।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक होने के बाद छात्रों के नेतृत्व में हुए ये प्रदर्शन कई शहरों तक फैल गए थे और इनकी मुख्य मांग तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा थी।

जंतर-मंतर से 20 जून को शुरू हुआ यह आंदोलन 25 जुलाई को प्रधान के इस्तीफे और सरकार द्वारा कॉजपा की अन्य मांगें स्वीकार किए जाने के बाद समाप्त हुआ।

‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में विहिप के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने कहा कि हालिया प्रदर्शनों के आधार पर भारत के युवाओं को परिभाषित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि देश की युवा पीढ़ी अब भी धर्म, देश की सांस्कृतिक जड़ों और राष्ट्र सेवा से जुड़ी हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘वे असली जेन-जी नहीं हैं। वे भारत के युवाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करते।’’

जैन ने कहा, ‘‘ऐसे विकृत मानसिकता वाले कितने लोग हैं, जो सड़क पर भारत माता की तस्वीर के साथ अशोभनीय इशारे करते हैं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां के खिलाफ अपशब्द बोलते हैं या वहां मौजूद जवानों पर हमला करते हैं? हमारा मानना है कि ऐसे लोगों के साथ भी संवाद बनाए रखना चाहिए, लेकिन वे असली जेन-जी नहीं हैं। वे भारत के युवाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करते।’’

जैन ने कहा कि उन्होंने कॉलेजों में पढ़ाया है और युवाओं के बीच समय बिताया है, लेकिन प्रदर्शनों में दिखे इस तरह के व्यवहार का सामना कभी नहीं किया।

जैन ने कहा, ‘‘जेन-जी एक आयु वर्ग है और यह आयु वर्ग धर्म से जुड़ा हुआ है। यह तब दिखाई देता है जब भारत के युवा नए साल की पूर्व संध्या पर पिकनिक स्थलों पर जाने के बजाय मथुरा, वृंदावन, काशी, अयोध्या और वैष्णो देवी जाते हैं और खुद को धन्य महसूस करते हैं।”

उन्होंने कहा कि आम तौर पर जेन-जी के रूप में पहचाना जाने वाला आयु वर्ग उन लोगों से कहीं बड़ा है, जिन्होंने इन प्रदर्शनों में हिस्सा लिया था। उन्होंने सशस्त्र बलों में युवाओं की भर्ती को इसका उदाहरण बताया।

जैन ने कहा, ‘‘सेना में शामिल होने वाले लोग भी जेन-जी हैं। सेना में शामिल होने वाला युवा 20 से 25 वर्ष की आयु का होता है। हर साल सशस्त्र बलों में शामिल होने वाले युवाओं की संख्या जंतर-मंतर पर मौजूद लोगों की संख्या से कहीं अधिक होती है।’’

उन्होंने धार्मिक आयोजनों में युवाओं की भागीदारी का भी उल्लेख किया और कहा कि भारत के युवा अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े हुए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘25 साल से कम उम्र के 25 करोड़ से अधिक युवा, जिन्हें आप जेन-जी कहते हैं, कुंभ में पहुंचे थे। किसी भी थिएटर में जाकर ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखिए, आधे से अधिक दर्शक उसी आयु वर्ग के होंगे, जिसे जेन-जी कहा जाता है।’’

जैन ने कहा कि विहिप अलग विचार रखने वालों के साथ संवाद बनाए रखने में विश्वास रखता है, लेकिन एक छोटे समूह को देश की पूरी युवा आबादी की पहचान तय करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर जैन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान का स्वागत किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्य 2029 से पहले इसे अपने-अपने यहां लागू करेंगे। जैन ने इसे संवैधानिक आवश्यकता बताया।

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर जैन ने कहा, “समान नागरिक संहिता लाना एक संवैधानिक दायित्व है। संविधान में इसका प्रावधान किया गया है। उच्चतम न्यायालय ने पांच बार इस बारे में कहा है। दुर्भाग्य से, कुछ मुस्लिम वोटों के कारण इस संवैधानिक प्रावधान की अनदेखी की जा रही है और इसका उल्लंघन हो रहा है।’’

जैन ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे ‘दलीय हितों’ से ऊपर उठकर अपने-अपने राज्यों में यूसीसी लागू करें।

विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) और शुक्रवार को कानून में प्रस्तावित बदलावों की जांच कर रही संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की पहली बैठक पर जैन ने सभी राजनीतिक दलों से सख्त प्रावधानों का समर्थन करने की अपील की।

उन्होंने दावा किया, ‘‘विदेशों से धन लाकर भारत में धर्मांतरण का नेटवर्क खड़ा करना, राष्ट्र विरोधी गतिविधियां करना और ‘लव जिहाद’ जैसी नफरत फैलाने वाली गतिविधियों में शामिल होने का लंबा इतिहास रहा है। उस धन के प्रवाह को रोका जाना चाहिए।’’

राम जन्मभूमि मंदिर के सीईओ के रूप में एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जीतेंद्र मिश्रा की नियुक्ति के बारे में बात करते हुए जैन ने चयन प्रक्रिया का बचाव किया और कहा कि यह प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई थी।

जैन ने अभिनेत्री स्वरा भास्कर की राम जन्मभूमि मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले को लेकर कथित टिप्पणियों की आलोचना की और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘स्वरा भास्कर हर उस मौके पर खुश होती हैं, जिससे देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचती है या भारत की सुरक्षा को खतरा पैदा होता है, जबकि वह हमेशा राष्ट्रीय गौरव के क्षणों पर शर्मिंदा होती हैं। यह राष्ट्र विरोधी है, यह सनातन विरोधी है, यह हिंदू विरोधी है और मैं कहूंगा कि यह भारत विरोधी है।’’

उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय को उनकी टिप्पणियों पर स्वत: संज्ञान लेना चाहिए, ताकि इस तरह के ‘बयानों’ का सिलसिला जारी न रहे।

उमर खालिद पर बनी फिल्म को लेकर जैन ने आरोप लगाया कि इसके निर्माताओं ने उसे महिमामंडित किया है और उन्होंने कानूनी कार्रवाई की मांग की।

भाषा संतोष माधव

माधव


लेखक के बारे में