जेईई एडवांस्ड: शीर्ष 10 स्थान हासिल करने वालों में से छह कोटा के एक ही कोचिंग संस्थान के छात्र
जेईई एडवांस्ड: शीर्ष 10 स्थान हासिल करने वालों में से छह कोटा के एक ही कोचिंग संस्थान के छात्र
कोटा, एक जून (भाषा) राजस्थान के कोटा स्थित ‘एलन करियर इंस्टीट्यूट’ ने सोमवार को दावा किया कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई)-(एडवांस्ड) 2026 के नतीजों में शीर्ष 10 स्थान हासिल करने वालों में से छह उसके छात्र थे।
संस्थान ने बताया कि शीर्ष 50 में उसके 24 छात्र शामिल हैं, जबकि शीर्ष 100 में उसके 41 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है।
एलन के संस्थापक निदेशक राजेश माहेश्वरी के अनुसार, संस्थान में तैयारी कर रहे शुभम कुमार ने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया, उसके बाद कबी छिल्लर 329 अंकों के साथ और जतिन चाहर 319 अंकों के साथ दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे।
संस्थान ने यह भी बताया कि आरोही देशपांडे ने लड़कियों में राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल किया और 280 अंकों के साथ 77वें स्थान पर रहीं।
एलन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नितिन कुकरेजा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “यह तीसरी बार है, जब एलन से किसी छात्र ने पहला स्थान हासिल किया है। पिछले 10 वर्षों में किसी अन्य संस्थान ने इतना अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है।” उन्होंने बताया, “हम संस्थान के प्रत्येक छात्र की सफलता से खुश और गौरवान्वित हैं।”
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रुड़की द्वारा जारी परिणामों के अनुसार, 17 मई को आयोजित दोनों परीक्षाओं में पंजीकृत 1,87,389 उम्मीदवारों में से 1,79,694 उम्मीदवार उपस्थित हुए।
यह परीक्षा, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) और देश भर के कई अन्य प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों में स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश के लिये आयोजित की जाती है।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


