गुरुग्राम में एक सेवानिवृत कर्नल के घर से हथियारबंद बदमाशों ने गहने और नकदी लूटी
गुरुग्राम में एक सेवानिवृत कर्नल के घर से हथियारबंद बदमाशों ने गहने और नकदी लूटी
गुरुग्राम (हरियाणा), छह जून (भाषा) गुरुग्राम के सेक्टर 23 में शनिवार तड़के एक सेवानिवृत्त कर्नल के घर में हथियारबंद अपराधियों के एक समूह ने सेंध लगाई, उनके बेटे के परिवार को धमकाया और लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर चंपत हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सेवानिवृत कर्नल सीएल जैन के बेटे विकास जैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर आरोप लगाया है कि बदमाश रात लगभग 2:45 बजे घर के पिछले हिस्से में पहुंचे और सीसीटीवी कैमरों के मुंह दूसरी ओर घुमा दिया।
पुलिस ने शिकायत के हवाले से बताया कि इसके बाद बदमाश खिड़की की लोहे की ग्रिल काटकर घर की पहली मंजिल पर पहुंचे।
पुलिस ने कहा कि नकाबपोश लुटेरे सबसे पहले विकास जैन के कमरे में और फिर उस कमरे में घुसे जहां उनकी पत्नी और बेटी सो रही थीं।
विकास जैन ने अपनी शिकायत में कहा,‘‘लुटेरों के पास चाकू, कटर, बड़े स्क्रूड्राइवर और लोहे के पाइप थे। उन्होंने मेरी पत्नी की बालियां, अंगूठियां, चूड़ियां और अन्य गहने ले लिये। उन्होंने हीरे की अंगूठियां, हीरे के सेट, सोने का मंगलसूत्र, चेन और अन्य कीमती गहने और कुछ नकदी भी ले लिये।’
पुलिस ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि लुटेरे देर रात करीब 3:15 बजे घर से चले गये।
इस लूटपाट के संबंध में पालम विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
निरीक्षक देवेंद्र मान ने कहा,‘‘हमने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है और मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। हम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’’
पुलिस ने बताया कि विकास जैन का दावा है कि सभी बंगाली में बातचीत कर रहे थे।
भाषा
शुभम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


