झारखंड : परीक्षाओं में अनियमितता मामले में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार

Ads

झारखंड : परीक्षाओं में अनियमितता मामले में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 03:16 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 03:16 PM IST

रांची, 10 अगस्त (भाषा) झारखंड अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते को सोमवार को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

राज्य के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले साल फरवरी में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के अध्यक्ष नियुक्त किए गए खियांगते ने 22 जुलाई को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

अपर महानिदेशक (सीआईडी) मनोज कौशिक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के सिलसिले में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते को गिरफ्तार किया है।’’

खियांगते से 28 जुलाई के बाद से अबतक चार बार पूछताछ की गई है।

यह गिरफ्तारी एजेंसी द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर अभ्यर्थियों के विरोध प्रदर्शन के बीच जीपीएससी के तीनों सदस्यों के इस्तीफे के एक दिन बाद हुई है।

खियांगते की गिरफ्तारी के साथ, इस मामले में सीआईडी अबतक कुल 20 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

खियांगते ने कथित अनियमितताओं के मामले में सीआईडी द्वारा उनके सरकारी आवास समेत कई जगहों पर तलाशी लिये जाने से एक दिन पहले ही जीपीएससी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।

पूर्व नौकरशाह ने हालांकि दावा किया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने ‘‘स्वेच्छा से इस्तीफा देने का फैसला किया है’’।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश