रांची/गोड्डा, छह फरवरी (भाषा) झारखंड के हज़ारीबाग और गोड्डा जिलों में अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने विदेशी शराब एवं गांजा बरामद कर इस संबंध में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
हजारीबाग जिले में बृहस्पतिवार को दो अलग-अलग स्थानों से चार लोगों को अवैध विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया, जिसकी कीमत लगभग 17 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंजनी अंजन ने कहा कि आरोपियों में से दो को कार में 192 बोतल अवैध विदेशी शराब ले जाते हुए रोका गया, जबकि अन्य दो को दूसरी गाड़ी में 210 बोतल के साथ पकड़ा गया।
गोड्डा में पुलिस ने सियारकटिया गांव में एक घर में छापेमारी कर अवैध विदेशी शराब निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया और सात लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान 40 किलोग्राम गांजा, 40 लीटर अवैध विदेशी शराब और विभिन्न ब्रांडों के नकली स्टिकर बरामद किए गए।
एसडीपीओ अशोक रविदास ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में यूनिट के मुख्य संचालक भी शामिल हैं। बरामद गांजे की कीमत लगभग 27 लाख रुपये अनुमानित है।
सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भाषा मनीषा रंजन
रंजन