चतरा, नौ सितंबर (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में एक व्यक्ति को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया, जिसमें दो थाना प्रभारियों समेत कम से कम तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात टंडवा थाना क्षेत्र के सिडपा गांव में हुई।
पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में पांच नामजद और 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने बताया, ‘‘इस झड़प में दो अधिकारियों समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। ग्रामीणों द्वारा कामता गांव के मोहम्मद शाहबाज (36) को बंधक बनाने की सूचना मिलने के बाद टंडवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। ग्रामीणों ने एक महिला के घर में घुसकर उससे दुर्व्यवहार करने और खुद को व महिला को घर के अंदर बंद करने के चलते शहबाज को बंधक बना लिया था।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम शाहबाज को बचाने के लिए गांव पहुंची लेकिन ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का विरोध किया और पुलिसकर्मियों पर ईंट और पत्थर फेंके।
एसपी ने बताया कि इस हमले में टंडवा और सदर थाना प्रभारियों समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिसके बाद दोनों अधिकारियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवा में तीन गोलियां चलाईं।
अधिकारी ने बताया कि शाहबाज और आदिवासी महिला दोनों शादीशुदा हैं। महिला के दो बच्चे हैं जबकि शाहबाज के चार बच्चे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस दोबारा गांव में पहुंची और रात करीब 11 बजे शाहबाज तथा महिला को घर से सुरक्षित बाहर निकाला।
टंडवा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रभात रंजन बरवार ने कहा, ‘‘पुलिस ने इस मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की हैं। पहली प्राथमिकी टंडवा क्षेत्राधिकारी गौरव राय के आवेदन के आधार पर पांच नामजद और 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है। इन लोगों पर सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस के साथ मारपीट करने का आरोप है।’’
उन्होंने बताया कि दूसरी प्राथमिकी महिला के बयान के आधार पर दर्ज की गई है।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि उसका शाहबाज के साथ कोई संबंध नहीं है। उसने बताया कि मवेशियों की खरीद-बिक्री को लेकर दोनों के बीच पैसों का लेन-देन था।
महिला ने दावा किया कि शाहबाज मंगलवार रात उससे पैसे लेने आया था, लेकिन इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने दोनों को जबरन घर में बंद कर दिया।
पुलिस ने इस घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
भाषा
शफीक माधव
माधव