मेदिनीनगर, 19 सितंबर (भाषा) झारखंड के पलामू जिले में शनिवार सुबह एक पुलिसकर्मी की सर्विस राइफल से कथित तौर पर दुर्घटनावश गोली चलने से उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह लगभग छह बजे हुई, जब सूबेदार बुचुन पाल (53) नवाबाजार थाना क्षेत्र के डगरा पिकेट में स्थित शौचालय में थे।
उन्होंने बताया कि पाल (53) जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र के निवासी थे और वह झारखंड सशस्त्र पुलिस (जेएपी)-8 में तैनात थे।
छतरपुर के एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पुलिसकर्मी की मौत गलती से गोली चलने के कारण हुई। घटना उस समय हुई जब वह पिकेट में शौचालय में थे। उनके पास आईएनएसएएस राइफल थी, जिससे गोली चल गई और इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और इस कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।’’
उन्होंने बताया कि रांची में रहने वाले परिवार के सदस्यों के पहुंचने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जायेगा। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा देवेंद्र दिलीप
दिलीप