झारखंड एसआईआर: निर्वाचन आयोग 63.24 लाख मतदाताओं को सुनवाई के लिए नोटिस जारी करेगा

Ads

झारखंड एसआईआर: निर्वाचन आयोग 63.24 लाख मतदाताओं को सुनवाई के लिए नोटिस जारी करेगा

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 09:30 PM IST

रांची, छह अगस्त (भाषा) निर्वाचन आयोग झारखंड में मतदाता सूची के जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 63.24 लाख मतदाताओं को सुनवाई के लिए नोटिस जारी करेगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि इनमें से 45.55 लाख मतदाताओं को बुधवार को जारी मसौदा मतदाता सूची में पाई गई विभिन्न ‘तार्किक विसंगतियों’ के संबंध में सुनवाई के लिए बुलाया जाएगा।

कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘विभिन्न श्रेणियों के 63,24,116 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुनवाई में उपस्थित होना होगा।’

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 14,03,205 ऐसे मतदाताओं को नोटिस दिया जाएगा जिनका पूर्व विवरण से मिलान नहीं हो पाया है, जबकि 45,55,227 मतदाताओं के नाम में ‘तार्किक विसंगतियां’ और 3,65,684 मतदाताओं के मामले में ‘समान जनसांख्यिकीय विवरण’ पाए गए हैं।

कुमार ने बताया कि आयोग ने तार्किक विसंगतियों की 15 श्रेणियों की पहचान की है।

निर्वाचन आयोग ने बुधवार को 43.61 लाख से अधिक नाम हटाने के बाद मतदाता सूची का मसौदा जारी किया।

एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने से पहले राज्य में 2.64 करोड़ मतदाता थे।

कुमार ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के बाद जारी मसौदा मतदाता सूची में 2.21 करोड़ मतदाता शामिल हैं। इनमें 1.12 करोड़ पुरुष, 1.08 करोड़ महिलाएं और 260 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।

एसआईआर के तहत मतदाता सत्यापन अभियान 30 जून से 29 जुलाई तक चलाया गया था। इस दौरान बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रह और सत्यापन किया।

सुनवाई और सत्यापन के लिए नोटिस का चरण तीन अक्टूबर को समाप्त होगा। अंतिम मतदाता सूची सात अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल