रांची, 10 मई (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची के एक कंप्यूटर केंद्र में आयोजित एसएससी जीडी कांस्टेबल परीक्षा में कथित तौर पर ‘डिजिटल’ साधनों का उपयोग कर नकल करने के आरोप में छह अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से तीन बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद केंद्र का मालिक और कर्मचारी फरार हो गए हैं। उसने बताया कि यह घटना शनिवार को पंडरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक परीक्षा केंद्र में घटी।
पुलिस अधीक्षक (रांची नगर) पारस राणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ‘रिमोट एक्सेस सिस्टम’ के माध्यम से परीक्षा में अभ्यर्थियों की मदद की जा रही है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें जानकारी मिली है कि कुछ ऐसी प्रणाली हैं जिनके माध्यम से उम्मीदवारों के प्रश्नों को रिमोट एक्सेस के जरिए दूर से ही हल किया जा रहा है। उम्मीदवारों की ओर से बिल्कुल भी शारीरिक गतिविधि नहीं हुई, कर्सर स्वचालित रूप से चल रहा था और प्रश्न हल हो रहे थे।’’
राणा ने कहा कि परीक्षा केंद्र के पर्यवेक्षक ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र के पर्यवेक्षक ने इस घटनाक्रम के बारे में पुलिस को सूचित किया।’’
पुलिस अधीक्षक कहा, ‘‘हमने संदिग्ध प्रणालियों को जब्त कर लिया और पूछताछ के लिए अभ्यर्थियों (18 से 27 वर्ष की आयु के बीच) को हिरासत में ले लिया।’’
राणा ने कहा कि उन्हें देहरादून और अन्य शहरों में भी इसी तरह की धोखाधड़ी की जानकारी मिली है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने आपराधिक जांच विभाग (साइबर) सहित कई एजेंसियों से परामर्श किया और इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि केंद्र के मालिक और अधीक्षक इस अपराध में शामिल थे। घटना के बाद वे फरार हैं।’’
पुलिस ने बताया कि छह कंप्यूटर, सीसीटीवी के दो डीवीआर, दो फायरवॉल, दो राउटर, मास्टर कंप्यूटर का एक सीपीयू, दो सी-डीएसी बॉक्स, छह एडमिट कार्ड, पांच मोबाइल फोन और एक टैबलेट जब्त किए गए हैं।
राणा ने कहा कि संदिग्ध कंप्यूटर एक मास्टर कंप्यूटर से जुड़े हुए थे जहां प्रश्नों को हल किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि छह उम्मीदवारों में से तीन बिहार के विभिन्न स्थानों से हैं, जबकि अन्य तीन झारखंड के कोडरमा, हजारीबाग और गुमला के निवासी हैं।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत