झारखंड: तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना

झारखंड: तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना

झारखंड: तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना
Modified Date: December 31, 2024 / 10:58 am IST
Published Date: December 31, 2024 10:58 am IST

रांची, 31 दिसंबर (भाषा) झारखंड में अगले दो दिनों के भीतर तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने कहा कि राज्य में नए साल के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं और इस बीच कुछ क्षेत्रों में घने कोहरे के साथ ठंडी हवाएं चलने के आसार हैं।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। विशेषकर उत्तरी झारखंड में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

आईएमडी ने मुख्यतः आसमान साफ ​​रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है, जिससे पूर्वी राज्य में और अधिक ठंड हो सकती है।

झारखंड में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, पलामू, गुमला और रामगढ़ इन सभी स्थानों पर 30 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी ने कहा कि इससे पहले, उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जिसके कारण बादल छाए रहे।

हालांकि, साफ आसमान के बीच तापमान में गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ेगी और खासकर कोहरे के कारण सुबह और अधिक ठंड महसूस होगी।

भाषा

यासिर नरेश

नरेश


लेखक के बारे में