झारखंड: रांची से लापता तीन लड़कियों को बचाया गया

झारखंड: रांची से लापता तीन लड़कियों को बचाया गया

झारखंड: रांची से लापता तीन लड़कियों को बचाया गया
Modified Date: February 10, 2026 / 10:37 pm IST
Published Date: February 10, 2026 10:37 pm IST

रांची, 10 फरवरी (भाषा) रांची से लापता हुई तीन नाबालिग लड़कियों (जिनमें दो बहनें शामिल हैं) को मंगलवार को बचा लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उसने बताया कि आठ फरवरी से लापता दो नाबालिग बहनों को 24 घंटे के भीतर रांची रेलवे स्टेशन से बचा लिया गया।

रातु थाने के प्रभारी अधिकारी रामनारायण सिंह ने कहा, ‘हमने दोनों लापता लड़कियों को बचा लिया है। पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान और तकनीकी सहायता की मदद से उनका पता लगाया। लड़कियों को उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया है।’

खबरों के मुताबिक, लड़कियां आठ फरवरी को एक दुकान पर जाने के लिए घर से निकली थीं और अगले दिन पुलिस को उनके लापता होने की सूचना दी गई थी।

इस बीच, चार फरवरी से लापता 11 वर्षीय एक लड़की को मंगलवार को बचा लिया गया। वह दिबदिह क्षेत्र के गिरिजाटोली गांव से अपने मामा के घर से कुछ काम के लिए बाहर निकली थी और तब से लापता थी।

हटिया के डीएसपी पी. के. मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को चुटिया थाने के अधिकार क्षेत्र में प्रेमाश्रय के पास से लड़की को बरामद किया। उन्होंने बताया कि लड़की को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में