चतरा, नौ सितंबर (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में एक व्यक्ति को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया, जिसमें दो थाना प्रभारियों समेत कम से कम तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, एक व्यक्ति अपनी ‘प्रेमिका’ से मिलने के लिए गांव में गया था तभी ग्रामीणों ने उसे बंधक बना लिया।
यह घटना मंगलवार रात टंडवा थाना क्षेत्र के सिडपा गांव में हुई।
उन्होंने बताया कि मौके पर एकत्र करीब 200 लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं।
चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने बताया कि इस झड़प में दो अधिकारियों समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह घटना तब हुई जब टंडवा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्हें सूचना मिली थी कि ग्रामीणों ने कामता गांव के मोहम्मद शाहबाज (36) को बंधक बना लिया है। उस पर आरोप है कि उसने एक महिला के घर में घुसकर उससे दुर्व्यवहार किया और खुद को व महिला को घर के अंदर बंद कर लिया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम शाहबाज को बचाने के लिए गांव पहुंची लेकिन ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का विरोध किया और पुलिसकर्मियों पर ईंट और पत्थर फेंके।
एसपी ने बताया कि इस हमले में टंडवा और सदर थाना प्रभारियों समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिसके बाद दोनों अधिकारियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवा में तीन गोलियां चलाईं।
अधिकारी ने बताया कि शाहबाज और महिला दोनों शादीशुदा हैं। महिला के दो बच्चे हैं जबकि शाहबाज के चार बच्चे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस दोबारा गांव में पहुंची और रात करीब 11 बजे शाहबाज तथा महिला को घर से सुरक्षित बाहर निकाला।
उन्होंने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान स्थापित होने के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
पुलिस ने इस घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश