कोडरमा, 17 मई (भाषा) झारखंड के कोडरमा जिले में एक महिला की हत्या के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कोडरमा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुमार शिवाशीष ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि मृतक महिला के पति शंभू राणा के किसी अन्य महिला के साथ कथित अवैध संबंध के चलते की गई प्रतिशोध की कार्रवाई हत्या का मुख्य कारण है।
एसपी ने कहा, ‘‘तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हमने दो संदिग्धों (रोहित राणा और देवंती देवी) से पूछताछ शुरू की। दोनों ने पूछताछ के दौरान बृहस्पतिवार को घर में किसी के न होने पर 30-वर्षीय नेहा राज का गला घोंटने और फिर उसका गला रेतने की बात कबूल की।’’
पुलिस ने यह भी बताया कि नेहा राज के पति शंभू राणा का देवंती देवी के साथ कथित तौर पर विवाहेतर संबंध था।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘जब आरोपी महिला (देवंती देवी) के पति को इस बारे में पता चला, तो उसने शंभू राणा को सबक सिखाने के लिए उसकी पत्नी की हत्या की साजिश रची और इस अपराध में उसकी पत्नी (देवंती देवी) ने उसकी मदद की।’’
पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू, आरोपियों द्वारा पहने गए खून से सने कपड़े और उनके द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस ने कहा, ‘‘आरोपी महिला ने मृतक महिला के पति के खिलाफ बलात्कार का मामला भी दर्ज कराया है, जिसके चलते शंभू राणा को हिरासत में लिया गया है। विधिक कार्यवाही के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।’’
भाषा संतोष सुरेश
सुरेश